बैतूल:नन्हें-नन्हें बच्चों ने रचा राम का वेश,राममय हुआ सरस्वती विद्या मन्दिर
मध्य प्रदेश बैतूल से शेख इकबाल की खास रिपोर्ट
बैतूल। रामलला के विराजित होने का उत्साह बच्चों में भी देखा जा रहा है। अयोध्या में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जिले के शिशु मन्दिरों में भी अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहें हैं। रामलला की शोभायात्रा, मानव श्रृंखला, हनुमान चालीसा, सुन्दरकाण्ड के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में सरस्वती विद्या मन्दिर कालापाठा में भगवान श्रीराम पर केन्द्रित कार्यक्रम सम्पन्न हुए। सम्पूर्ण विद्यालय प्रांगण भगवा पताकों से सुसज्जित है। शनिवार को नन्हें-नन्हें बच्चों ने भी पुरूषोत्तम श्रीराम, सीता मैय्या, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमानजी का वेश रखकर विद्यालय पहुंचे। शिशु वाटिका के नन्हें-मुन्ने बच्चों के विभिन्न स्वरूपों से सम्पूर्ण परिसर रामलला के चरित्र को प्रदर्शित कर रहा था राम दरबार की आकर्षक झांकी सजाई गई। राम-सीता, लक्ष्मण स्वरूप में विराजे बच्चों की आरती उतारी गई। मेरी झोपड़ी के भाग्य खुल जाएंगे, राम आएंगे के सुमधुर संगीत पर छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के भजनों को प्रस्तुत किया गया। छात्रा गौरी मिश्रा ने मुनि नारद का सजीवता पूर्वक चित्रण किया। हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। विद्यालय में श्रीराम मन्दिर के स्वरूप की मानव श्रृंखला बनाई गई। विद्यालय प्राचार्य संजय उपाध्याय के मार्गदर्शन में अयोध्या में श्रीरामजी की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सभी बच्चे उत्साह पूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मोनिका वर्मा व कीर्ति साहू ने किया। विद्यालय में तीन दिनों तक संचालित होने वाले आयोजन में दीपोत्सव, रंगोली आदि सम्पन्न होने वाले हैं।