जे एच होस्टल की फीस बढ़ोतरी पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आज छात्राओं के साथ गेट पर प्रदर्शन किया

मध्य प्रदेश बैतूल से शेख इकबाल की खास रिपोर्ट

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आज छात्राओं के साथ जे एच कालेज गेट पर प्रदर्शन किया। वे होस्टल की फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने यहां गेट बंद कर दिया और लंबे समय तक नारेबाजी की। उन्होंने प्रिंसिपल को मांगों का पत्र भी सौंपा है।

एबीवीपी के देवेंद्र धुर्वे ने बताया कि जे.एच. कॉलेज बैतूल लंबे समय से परिसर में ही छात्रावास का संचालन करता रहा है। यहां जिले के विभिन्न हिस्सों से आकर पढ़ाई करने वाले छात्रों के ठहरने की व्यवस्था है। पूर्व में बॉयज छात्रावास का शुल्क 3000 रुपए प्रति वर्ष था। जिसको इस बार बढ़ा कर 5 हजार कर दिया गया है। जबकि गर्ल्स छात्रावास में पूर्व में 4 हजार रुपए शुल्क था। जिसको भी बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दिया गया। इससे निर्धन छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आज नगर मंत्री अनुराग यादव के नेतृत्व में छात्राओं ने प्रदर्शन किया है। अगर 48 घंटे में यह फीस वृद्धि वापस नहीं की जाती है तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा
विस्तारक बोले- मुझे बना दे प्रिंसिपल

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से प्रिंसिपल से चर्चा करने एबीवीपी के पूर्णकालिक विस्तारक अभिषेक सेन कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि आप गलत हैं। आपने जनभागीदारी समिति में फीस बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया। जब प्रिंसिपल ने खर्चों की बात बताई और इसे जनभागीदारी से कंट्रीब्यूट करने की बात की तो विस्तारक ने दो टूक कहा कि फिर आप मुझे प्रिंसिपल बना दीजिए। आपको लगता है कि आप नहीं कर पा रहे तो मुझे या किसी छात्र को प्रिंसिपल बना दें। हम मेंटेन कर लेंगे।

प्रबंधन ने कहा- बढ़ रहे खर्चे, करेंगे विचार

कालेज प्राचार्य विजेता चौबे ने बताया कि फीस बढ़ाने का फैसला जनभागीदारी समिति में लिया गया था। चूंकि फीस कभी बढ़ाई नहीं गई है। यहां पानी, बिजली सफाई के खर्च बढ़ रहे हैं। जिसके कारण फैसला किया गया था। छात्रों के विरोध के संबंध में जनभागीदारी अध्यक्ष को अवगत कराया गया है। जल्द ही इस पर फैसला किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button