छात्रों व गुरुजनों को यातायात पुलिस ने पठाया नियमों का पाठ
सभी को यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने के लिए दिलाई गई शपथ
भदोही। यातायात जागरूकता के दृष्टिगत यातायात प्रभारी द्वारा ज्ञानपुर में स्थित एक विद्यालय में छात्रों व गुरुजनों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां पर
यातायात नियमों के शत-प्रतिशत पालन के लिए सभी को शपथ दिलाई गई।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में यातायात जागरूकता के दृष्टिगत विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में आज यातायात प्रभारी अनील सिंह द्वारा विद्यालय में छात्र-छात्राओं व गुरुजनों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों और यातायात के प्रति जागरूक करना था। जिसमें सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को यातायात नियमों, सिग्नल्स का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार के बारे में विस्तार से बताया गया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और पैदल चलते समय सावधानी बरतने जैसे नियमों पर विशेष ध्यान दिलाया गया। अंत में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में प्रतिदिन यातायात पुलिस टीम व जनपदीय पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न चौराहों, तिराहों पर भ्रमण कर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया जा रहा है। वाहन चालकों को यातायात नियमों के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए नियमों के शत-प्रतिशत पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है।