Gazipur news:तीन दिन से घर से गायब युवक की चोचकपुर पीपा पुल के पास गंगा में मिली लाश, घर का चिराग बुझने से मचा कोहराम
रिपोर्ट: सुरेश चंद पांडे
करण्डा। गाज़ीपुर:क्षेत्र के चोचकपुर पीपा पुल के पास गंगा में युवक का खराब हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गयी। तत्काल मौके पर भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से आधार कार्ड आदि मिला। जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त खानपुर के नायकडीह स्थित सोनियापार गांव निवासी 32 वर्षीय मिथिलेश सिंह पुत्र रामकृष्ण सिंह के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों को जानकारी दी गयी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वो मां-बाप का इकलौता बेटा था और कुछ मानसिक रुप से कमजोर था। परिजनों ने बताया कि वो 3 दिन से घर से गायब था। मानसिक कमजोर होने के कारण उसकी आसपास तलाश की गई, न मिलने पर सोचा कि खुद ही वापिस आ जायेगा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता खेती करते हैं। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि सम्भवतः किसी तरह वो किनारे से नदी में गिर गया होगा।